अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने हरियाणा में लंबे समय से खाली पड़े जिलाध्यक्षों के पदों पर बड़ी नियुक्तियां कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश में राज्यभर के 33 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किए गए हैं।
गुरुग्राम में कांग्रेस पार्टी ने शहरी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष के नामों का ऐलान कर दिया है। पंकज डावर को शहरी जिलाध्यक्ष और वर्धन यादव को ग्रामीण जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों युवा और पार्टी के तेजतर्रार नेताओं में गिने जाते हैं, जो जनसमस्याओं को लेकर अक्सर शासन-प्रशासन पर हमलावर रहते हैं।

दोनों नेताओं ने पार्टी हाईकमान और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने का काम तुरंत शुरू किया जाएगा। उन्होंने गुरुग्राम की कचरा समस्या पर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि “गुरुग्राम कूड़ाग्राम बन चुका है, और कांग्रेस कार्यकर्ता प्रशासन को समाधान के लिए मजबूर कर देंगे।”
11 साल से खाली थे पद
पिछले 11 सालों से गुरुग्राम में शहरी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष के पद खाली थे, जिससे कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका। संगठन को मजबूत करने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस नेताओं की आपसी गुटबाजी के चलते मामला अटका रहा।
इसका असर पार्टी के चुनावी नतीजों में भी दिखा—चाहे लोकसभा, विधानसभा या नगर निगम चुनाव हों, कांग्रेस को मज़बूत स्थानीय नेतृत्व की कमी महसूस हुई।
जातीय समीकरण पर भी फिट
- पंकज डावर पंजाबी समुदाय से हैं, जो शहरी गुरुग्राम में बड़ी संख्या में मौजूद है।
- वर्धन यादव को ग्रामीण जिलाध्यक्ष बनाकर कांग्रेस ने यादव समुदाय में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति अपनाई है।
पार्टी हाईकमान ने जातीय समीकरण और स्थानीय समर्थन को देखते हुए इन दोनों नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी। वर्धन यादव बादशाहपुर से चुनाव लड़ चुके हैं और उस समय प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह को कड़ी चुनौती दी थी।
इससे पहले, पार्टी ने निशित कटारिया को यूथ कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाकर जाट समुदाय में पैठ बनाने की कोशिश की थी।
हरियाणा कांग्रेस जिलाध्यक्षों की पूरी सूची
केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हरियाणा के जिलाध्यक्ष इस प्रकार हैं—
- अंबाला कैंट: परविंदर परी
- अंबाला सिटी: पवन अग्रवाल
- अंबाला ग्रामीण: दुष्यंत चौहान
- भिवानी ग्रामीण: अनिरुद्ध चौधरी (बंसीलाल के पौत्र)
- भिवानी शहर: प्रदीप गुलिया
- चरखी दादरी: सुशील धानक
- फरीदाबाद: बलजीत कौशिक
- फतेहाबाद: अरविंद शर्मा
- गुरुग्राम ग्रामीण: वर्धन यादव
- गुरुग्राम शहरी: पंकज डावर
- हिसार ग्रामीण: अधिवक्ता लाल बहादुर खोवाल
- हिसार शहरी: बजरंग दास गर्ग
- झज्जर: संजय यादव
- जींद: रिषी पाल
- कैथल: रामचंद्र गुर्जर
- करनाल ग्रामीण: राजेश वैद्य
- करनाल शहरी: पराग गाबा
- कुरुक्षेत्र: मेवा सिंह
- महेंद्रगढ़: सत्यवीर यादव
- मेवात (नूंह): शाहिदा खान
- पलवल: नेत्रपाल अधाना
- पंचकूला: संजय राणा
- पानीपत ग्रामीण: रमेश मलिक
- रेवाड़ी ग्रामीण: सुभाष चंद चावड़ी
- रेवाड़ी शहरी: प्रवीण चौधरी
- रोहतक ग्रामीण: बलवान सिंह रंगा
- रोहतक शहरी: कुलदीप सिंह
- सिरसा: संतोष बेनीवाल
- सोनीपत ग्रामीण: संजीव कुमार दहिया
- सोनीपत शहरी: कमल दीवान
- यमुनानगर ग्रामीण: नरपाल सिंह
- यमुनानगर शहरी: देवेंद्र सिंह
कार्यकर्ताओं की लंबे समय से थी मांग
पार्टी के आम कार्यकर्ता लंबे समय से संगठन में नई नियुक्तियों की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि यदि और देर हुई तो जिले में पार्टी का जनाधार और भी कमजोर हो जाएगा। हाल ही में जब पार्टी के ऑब्जर्वर गुरुग्राम पहुंचे, तो ज़्यादातर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इन्हीं दोनों के नाम सुझाए।
