त्योहारों से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों पर नकेल कसने के लिए मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (CM Flying) और खाद्य आपूर्ति विभाग ने मंगलवार देर रात सोहना अनाज मंडी में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने तीन पिकअप वाहनों से करीब 1380 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया, जिसे नूंह के हथीन से लाकर गुरुग्राम और आसपास के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था।

शिकायतों के बाद हुई रेड
खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक रमेश चौहान ने बताया कि लगातार मिलावटी पनीर की सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए संयुक्त टीम ने मंडी में दबिश दी। मौके से पनीर के सैंपल लेकर लैब भेजे गए, ताकि मिलावट की पुष्टि हो सके।

दुकानों से भी जब्त हुए सैंपल
कार्रवाई के दौरान मंडी स्थित दो दुकानों पर भी छापेमारी हुई। यहां से पनीर, घी और रसगुल्ले के सैंपल लिए गए और सील कर दिए गए। अधिकारियों को संदेह है कि यह पनीर नकली दूध और रसायनिक पदार्थों से तैयार किया गया है। त्योहारों के मौसम में इस तरह की मिलावटखोरी का कारोबार बढ़ जाता है।
मालिक का नाम आया सामने
पिकअप चालकों से पूछताछ में पता चला कि यह पनीर हथीन के उमर सरपंच की ओर से तैयार कराया जा रहा था और सोहना के साथ-साथ कई इलाकों में सप्लाई हो रहा था। टीम अब पूरे सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।
