पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर गुरुग्राम जिला अस्पताल में ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के मोबाइल एप का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मंत्री ने योजना के उद्देश्यों और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की और पात्र महिलाओं के मोबाइल में एप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल वित्तीय सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि माताओं और बहनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रयास है।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा, “भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में यह वायदा किया था और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे जमीनी हकीकत में बदलकर यह दिखा दिया है कि हमारी सरकार वादे नहीं, संकल्प पूरे करती है। आज पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर इसका शुभारंभ होना अत्यंत सुखद है।”

आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मिलेगा लाभ
राव नरबीर सिंह ने बताया कि यह योजना विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए बनाई गई है जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आती हैं और जिनके पास नियमित आय का साधन नहीं है। योजना के तहत ₹2,100 मासिक सहायता राशि दी जाएगी, जिससे महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ छोटे व्यवसाय या अन्य आय-सृजन गतिविधियों में निवेश कर सकेंगी।
उन्होंने उपस्थित मातृ शक्ति से संवाद करते हुए कहा कि “आपके चेहरे पर जो मुस्कान और संतोष दिखाई दे रहा है, वही इस योजना की असली सफलता है।”
एप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन होगा आसान
इस योजना का मोबाइल एप पात्र महिलाओं को डिजिटल रजिस्ट्रेशन की सुविधा प्रदान करेगा। इसके माध्यम से महिलाएं योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं और अपनी पात्रता की स्थिति भी आसानी से जांच सकती हैं। एप में कागजी कार्यवाही में कमी आएगी और प्रक्रिया तेज होगी। साथ ही योजना से संबंधित नवीनतम अपडेट और जानकारी भी एप के माध्यम से उपलब्ध होगी।
योजना लागू होगी तीन फेज में
पहला फेज: एक लाख वार्षिक आय वाली महिलाओं को शामिल किया गया है, जिससे 20 से 21 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी।
दूसरा फेज: इस फेज में वार्षिक आय की सीमा 1 लाख 80 हजार रुपए तक होगी। इस चरण में गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले परिवारों की महिलाएं शामिल होंगी।
तीसरा फेज: तीसरे चरण में आय की वार्षिक सीमा 3 लाख रुपए तक होगी। यह चरण साल 2028-29 के आसपास लागू किया जा सकता है। वर्तमान में इस सीमा तक की महिलाओं की संख्या लगभग 46 लाख 62 हजार है।
उप-मंडल स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित
योजना के शुभारंभ को व्यापक बनाने के लिए उप-मंडल स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
- पटौदी उप-मंडल: विधायक बिमला चौधरी
- सोहना: विधायक तेजपाल तंवर
- सेक्टर 31 पॉलीक्लिनिक: विधायक मुकेश शर्मा
- मानेसर उप-मंडल: पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा
इस योजना से गुरुग्राम की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाएं वित्तीय सहायता के साथ अपनी स्वरोजगार और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में समर्थ होंगी।
