गुरुग्राम के खेड़की दौला थाना क्षेत्र से अपहरण और फिरौती की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दो युवकों का उनके ही दोस्त की साजिश के तहत अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने पहले एक लाख रुपये की फिरौती मांगी, लेकिन महज 24 घंटे में रकम बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी। हालांकि, दोनों युवक किसी तरह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागने में सफल रहे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी फरार है।

बेटी के फोन पर आई कॉल, अपहरण की दी जानकारी
पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 दिसंबर की सुबह करीब 11:30 बजे उनकी बेटी के फोन पर राहुल का कॉल आया। राहुल ने रोते हुए बताया कि कुछ लोगों ने उसे और उसके दोस्त कृष्णा का अपहरण कर लिया है। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने फोन अपने हाथ में लेकर धमकी दी कि अगर पुलिस को सूचना दी गई तो दोनों की हत्या कर दी जाएगी।
अपहरणकर्ताओं ने परिवार को एक लाख रुपये लेकर खेड़की दौला के एक होटल में पहुंचने को कहा।
24 घंटे में फिरौती सीधे 5 लाख
कुछ देर बाद फिर राहुल के नंबर से कॉल आया और अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की रकम एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी। इसी दौरान राहुल और कृष्णा के दोस्त मयंक ने भी परिवार को फोन किया और दोनों की जान को खतरा बताते हुए आरोपियों की मांग पूरी करने की सलाह दी।
मोबाइल बंद हुआ, परिवार की बढ़ी घबराहट
परिवार जैसे ही गुरुग्राम पहुंचा, राहुल का मोबाइल फोन बंद हो चुका था। इससे परिवार की बेचैनी और बढ़ गई। पूरी रात दोनों युवकों का कोई पता नहीं चला।
अगले दिन 7 दिसंबर को राहुल का अचानक फोन आया। उसने बताया कि वह और कृष्णा किसी तरह अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर भाग निकले हैं और इस समय रामपुरा फ्लाईओवर के पास खड़े हैं। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को सुरक्षित अस्पताल ले जाया गया।
दोस्त ही निकला गद्दार, उसी ने छोड़ा था आरोपियों के पास
राहुल और कृष्णा ने पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनका दोस्त मयंक ही उन्हें रियान और दानिश के पास छोड़कर गया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर उनका अपहरण कर लिया और फिरौती की मांग की।
द्वारका एक्सप्रेसवे से दो आरोपी गिरफ्तार
खेड़की दौला थाना पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे, सेक्टर-37D से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
- दानिश (22 वर्ष) – निवासी बकलपुर, अयोध्या
- रियान (22 वर्ष) – निवासी ओखला नगर, दिल्ली
जबकि तीसरा आरोपी मयंक अभी फरार है।
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी मयंक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगाला जा रहा है।
