सेक्टर-9 तिराहे पर जाम से मिलेगी राहत, जीएमडीए बनाएगा नया यूटर्न

गुरुग्राम के सेक्टर-9 तिराहे (ग्रीनवुड स्कूल चौक) पर लगने वाले रोजाना के जाम से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने बसई रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पास यूटर्न के निर्माण का फैसला लिया है। इस कार्य के लिए जीएमडीए ने 48.18 लाख रुपये का टेंडर जारी कर दिया है।

दिल्ली-रेवाड़ी रेलवे लाइन पर बने बसई आरओबी से द्वारका एक्सप्रेसवे सीधे हीरो होंडा चौक (एनएच-48) से जुड़ता है, लेकिन सेक्टर-9 तिराहे पर ट्रैफिक दबाव के कारण सुबह और शाम लंबा जाम लग जाता है। खासतौर पर दफ्तर समय में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रोहतक, चंडीगढ़, झज्जर और हिसार जाने वाली रोडवेज बसें बस स्टैंड से शीतला माता मंदिर रोड होते हुए सेक्टर-5 और सेक्टर-9 चौक से गुजरती हैं। वहीं हीरो होंडा चौक की ओर से आने वाले वाहन भी इसी रास्ते से द्वारका एक्सप्रेसवे और सेक्टर-9 की ओर जाते हैं। दोनों तरफ के ट्रैफिक के एक साथ मिलने से चौक पर हालात बिगड़ जाते हैं।

इस समस्या को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में रखा गया था। उपायुक्त अजय कुमार ने जीएमडीए को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद जीएमडीए ने यूटर्न निर्माण को मंजूरी देते हुए टेंडर जारी किया।

योजना के अनुसार सेक्टर-9 की सड़क को सीधे जोड़ा जाएगा और नया यूटर्न बनाया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारू होगी। फिलहाल चौक पर ट्रैफिक लाइट के सहारे यातायात चलाया जा रहा है, लेकिन नया यूटर्न बनने के बाद जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

जीएमडीए अधिकारियों का कहना है कि यूटर्न निर्माण से ट्रैफिक का दबाव बंटेगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।

More From Author

प्रेम विवाह से नाराज़ भाई ने की बहन की हत्या, गुरुग्राम में ब्लाइंड मर्डर केस सुलझा

गुरुग्राम क्राइम ब्रांच का ASI पैसे लेते ही गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *