प्रेम प्रसंग के चलते मानेसर क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी पति को मरा समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से फरीदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़ित की शिकायत पर आइएमटी मानेसर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी पूनम और उसके प्रेमी मनखुश को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर को सूचना मिली थी कि वीपीएस स्कूल के पास एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को पहले ही अस्पताल भेजा जा चुका है। अस्पताल में भर्ती पीड़ित की पहचान शिव शंकर के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के लतीफपुर गांव का निवासी है।
कंपनी में काम के दौरान हुआ परिचय
शिव शंकर ने पुलिस को बताया कि वह मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है और गांव खोह में पत्नी पूनम के साथ किराये पर रहता था। वर्ष 2012 में दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे, जहां से उनका परिचय हुआ और बाद में दोनों ने शादी कर ली। वर्ष 2017 में उनके एक बेटा भी हुआ।
कुछ समय बाद शिव शंकर को पता चला कि उसकी पत्नी पूनम का उसी कंपनी में कार्यरत युवक मनखुश से प्रेम संबंध है। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
मंदिर दर्शन के बहाने रची गई साजिश
पीड़ित के अनुसार, 30 दिसंबर को पूनम उसे झरना मंदिर दर्शन के बहाने बाहर ले गई। लौटते समय वीपीएस स्कूल के पास एक स्कूटी सवार ने उनकी स्कूटी को जानबूझकर टक्कर मार दी। दोनों के गिरते ही मनखुश ने शिव शंकर को पीछे से पकड़ लिया और पूनम ने कुल्हाड़ी से उसके चेहरे पर कई वार कर दिए।
हमले के बाद दोनों आरोपी शिव शंकर को मरा समझकर स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए।
कुल्हाड़ी और स्कूटी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनखुश को कासन क्षेत्र से और पूनम को मानेसर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मनखुश मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और स्कूटी भी बरामद कर ली है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
