मौसम विभाग के चंडीगढ़ कार्यालय की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, पूरे हरियाणा में सबसे कम तापमान गुरुग्राम के AWS स्टेशन पर रिकॉर्ड किया गया। गुरुग्राम के बाद नारनौल में 1.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। गौरतलब है कि शनिवार को गुरुग्राम का तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन एक ही दिन में इसमें बड़ी गिरावट देखने को मिली।

गांवों में हालात ज्यादा गंभीर
गुरुग्राम के बाहरी इलाकों और गांवों में सोमवार सुबह हालात और भी खराब नजर आए। खेतों, फसलों और पेड़-पौधों पर पाले की मोटी परत जमी हुई दिखी।
सुबह के शुरुआती घंटों में पत्तियां सफेद चादर से ढकी नजर आईं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जब तापमान शून्य के आसपास पहुंच जाता है, तब पाला पड़ने की आशंका बढ़ जाती है और इससे फसलों को नुकसान हो सकता है।
कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 13 जनवरी को गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए सुबह के समय मध्यम से घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक गुरुग्राम के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि दिन में आसमान साफ रह सकता है, लेकिन तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और बुजुर्गों, बच्चों व बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
