गणतंत्र दिवस को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। पिछले 20 दिनों से लगातार वेरिफिकेशन अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच जारी है। कई स्थानों पर सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

गणतंत्र दिवस के दिन शहर में 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख चौराहों और बॉर्डर एरिया में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
भारी वाहनों को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली में 23 जनवरी को फाइनल रिहर्सल और 26 जनवरी को मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह के चलते गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की एडवाइजरी जारी की है।
पाबंदी का समय
- 22 जनवरी शाम 5 बजे से 23 जनवरी दोपहर 1:30 बजे तक – फुल ड्रेस रिहर्सल
- 25 जनवरी शाम 5 बजे से 26 जनवरी दोपहर 1:30 बजे तक – मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह
इस दौरान दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गुरुग्राम सीमा में ही रोक दिया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर बॉर्डर एरिया में शाम से बेरिकेडिंग की जाएगी।
इन बॉर्डर पर सख्ती
सिरहौल, कापसहेड़ा, आया नगर और डूंडाहेड़ा बॉर्डर पर भारी वाहनों की जांच और रोक रहेगी। वहीं हीरो होंडा चौक, शंकर चौक, महरौली बॉर्डर, सोहना, पटौदी, फरुखनगर और पचगांव से आने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
पचगांव से केएमपी की ओर डायवर्जन
ट्रैफिक डीसीपी डॉ. राजेश मोहन के अनुसार जयपुर साइड से आने वाले भारी वाहनों को पचगांव चेक पोस्ट पर रोककर केएमपी एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा, ताकि दिल्ली जाने वाले मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम रहे।
जरूरी सेवाओं को राहत
एंबुलेंस, दूध, सब्जी, फायर ब्रिगेड और एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। पुलिस ने भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।
