सड़क पर जाम लगा हो या ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो, कुछ चालक ऐसे होते हैं जो आगे निकलने के चक्कर में बार-बार अपनी लेन बदलते रहते हैं। कभी बाईं तरफ तो कभी दाईं तरफ अचानक कट मारकर निकलने की कोशिश करते हैं। लेकिन अब ऐसी जल्दबाजी आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने लेन बदलने के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

एक महीने में 15,919 ज्यादा चालान
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर महीने में लेन बदलने के नियमों का उल्लंघन करने पर 57,832 चालान किए गए थे। वहीं अक्टूबर में यह संख्या बढ़कर 73,751 पहुंच गई। यानी सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में 15,919 अधिक चालान किए गए हैं। यह करीब 27.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। आंकड़े बताते हैं कि ट्रैफिक पुलिस ने लेन अनुशासन को लेकर निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।
अचानक लेन बदलना बन सकता है हादसे की वजह
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, बिना इंडिकेटर दिए अचानक लेन बदलना, बार-बार लेन बदलकर आगे निकलने की कोशिश करना और निर्धारित लेन का पालन नहीं करना सड़क हादसों का कारण बन सकता है। खासकर तेज रफ्तार सड़कों पर ऐसी लापरवाही दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा करती है। पीछे से आ रहे वाहन को अचानक ब्रेक लगाना पड़ सकता है या अपनी दिशा बदलनी पड़ सकती है। इससे टक्कर और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
ट्रैफिक पुलिस की नजर, अब नहीं चलेगी मनमानी
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि लेन अनुशासन तोड़ने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अक्टूबर में चालानों की संख्या में हुई बढ़ोतरी इसी सख्ती का संकेत है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को सुरक्षित और अनुशासित ड्राइविंग के लिए जागरूक करना भी है।
वाहन चालक इन बातों का रखें ध्यान
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि:
– हमेशा निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं।
– लेन बदलने से पहले इंडिकेटर जरूर दें।
– आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
– जल्दबाजी में अचानक कट मारने से बचें।
– ट्रैफिक के दबाव में बार-बार लेन न बदलें।
