छठ महापर्व पर पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग! आखिर क्यों जाम करना पड़ा बसई रोड?

घर में पानी नहीं, पीने के लिए भी भटकना पड़ रहा है और ऊपर से छठ महापर्व का समय! आखिर लोग अपनी परेशानी लेकर जाएं तो कहां जाएं? गुरुग्राम के हरिनगर में पानी की किल्लत से परेशान सैकड़ों महिला और पुरुष रविवार रात सड़क पर उतर आए। लोगों ने बसई रोड जाम कर प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात ऐसे बने कि आधी रात तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों को समझाते रहे।

गुरुग्राम के हरिनगर और बसई रोड के आसपास की कॉलोनियों में पिछले चार दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घरों में पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। कई बार नगर निगम अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे परेशान होकर लोगों ने रविवार रात बसई रोड पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

छठ पूजा के बीच पानी की किल्लत ने बढ़ाई परेशानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि हरिनगर और आसपास की कॉलोनियों में पूर्वांचल समाज के बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। इन दिनों छठ महापर्व चल रहा है और ऐसे समय में साफ-सफाई और शुद्ध पानी की जरूरत सबसे ज्यादा होती है।

लेकिन पिछले चार दिनों से घरों में पानी नहीं आने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। महिलाओं का कहना है कि नहाने, खाना बनाने, कपड़े धोने और पीने के पानी तक के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। मजबूरी में लोगों को महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हर परिवार के लिए रोजाना टैंकर खरीदना संभव नहीं है।

बसई रोड पर 3 घंटे से ज्यादा लगा रहा जाम
पानी की समस्या को लेकर सैकड़ों महिला और पुरुष सड़क पर बैठ गए। देखते ही देखते व्यस्त बसई रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे से ज्यादा समय तक यातायात बाधित रहा। जाम में फंसे कई वाहन चालकों को अपने वाहन वापस मोड़कर दूसरे रास्तों से जाना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने गलियों के रास्तों पर पत्थर रखकर उन्हें भी बंद कर दिया था।

सेक्टर-37 और शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस पहुंची
जाम की सूचना मिलते ही सेक्टर-37 और शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी पानी की सप्लाई तुरंत शुरू करने की मांग पर अड़े रहे।

कब खत्म हुआ प्रदर्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने GMDA और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों की तरफ से जल्द पानी की सप्लाई शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद रात करीब 12 बजे प्रदर्शनकारी सड़क से उठकर अपने घर लौटे।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब लोगों को चार दिन तक पानी नहीं मिला और कई बार शिकायतें भी की गईं, तो समय रहते समस्या का समाधान क्यों नहीं हुआ? क्या अब हरिनगर के लोगों को नियमित पानी मिल पाएगा या फिर उन्हें इसी तरह टैंकरों के भरोसे रहना पड़ेगा?

More From Author

गुरुग्राम में छठ पूजा की ऐसी रौनक आपने देखी? घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब!

घर के बाहर खड़ी बाइक भी सुरक्षित नहीं! एक रात में 5 चोरी, CCTV में दिखे चोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *