घर के बाहर खड़ी बाइक भी सुरक्षित नहीं! एक रात में 5 चोरी, CCTV में दिखे चोर

रात के करीब 9 बजे से सुबह 4 बजे तक… चोर बेखौफ होकर गलियों में घूमते रहे और एक के बाद एक पांच बाइक लेकर फरार हो गए! सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो किसी की पार्किंग खाली थी, तो किसी की गली से बाइक गायब थी। आखिर समसपुर गांव में एक ही रात में पांच बाइकें कैसे चोरी हो गईं? क्या चोरों को पुलिस का कोई डर नहीं है?

गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित गांव समसपुर में वाहन चोरों ने एक ही रात में पांच बाइक चोरी कर इलाके में दहशत फैला दी। सभी वारदातें राधा कृष्ण मंदिर के आसपास की गलियों में हुईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने रात करीब सवा 9 बजे से सुबह 4 बजे के बीच इन वारदातों को अंजाम दिया। लोगों ने रोजाना की तरह अपनी बाइक घरों के बाहर और गलियों में खड़ी की थीं, लेकिन सुबह उठे तो बाइकें गायब मिलीं।

कितनी बाइक हुई गायब, सुबह मचा हड़कंप
सबसे पहले एक व्यक्ति को अपनी बाइक चोरी होने का पता चला। इसके बाद आसपास रहने वाले चार अन्य लोगों ने भी अपनी बाइक गायब होने की जानकारी दी। इस तरह एक ही रात में पांच बाइक चोरी होने का मामला सामने आया। पीड़ित अरविंद कुमार की बाइक घर की पार्किंग से चोरी हुई है। अरविंद और सागर सिंह समेत अन्य वाहन मालिकों ने घटना पर नाराजगी जताई है।

चोरी की वारदातें CCTV में कैद
इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि पांच में से तीन बाइक चोरी की वारदातें आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं। पीड़ितों ने CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई है।

रोजमर्रा के काम के लिए बाइक पर निर्भर थे पीड़ित
बाइक चोरी होने से पीड़ितों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि वे रोजाना आने-जाने और अपने कामकाज के लिए इन्हीं वाहनों पर निर्भर थे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि चोरों ने रातभर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दिया। इससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

लोगों ने की रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
एक ही रात में पांच बाइक चोरी होने के बाद समसपुर गांव और सेक्टर-51 के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इलाके में रात की गश्त बढ़ाने, वाहन चोरों को जल्द पकड़ने और चोरी हुई सभी बाइकों को बरामद करने की मांग की है।

More From Author

छठ महापर्व पर पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग! आखिर क्यों जाम करना पड़ा बसई रोड?

आपके सेक्टर से गुजरेगी मेट्रो या हटेगा अतिक्रमण? क्या है दूसरे फेज का पूरा प्लान!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *