अगर आप शनिवार या रविवार को गुरुग्राम से फरुखनगर, झज्जर या द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। शहर में दो अलग-अलग जगहों पर काम के चलते ट्रैफिक प्रभावित रहने वाला है। कहीं रेलवे फाटक बंद रहेगा, तो कहीं बिजली की हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए वाहनों को बार-बार रोका जाएगा।
यातायात पुलिस ने दोनों स्थानों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। वाहन चालकों को जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

सुल्तानपुर रेलवे फाटक रहेगा बंद, इन रास्तों से जाएं
गुरुग्राम-फरुखनगर रोड पर सुल्तानपुर गांव के पास स्थित रेलवे फाटक नंबर LC-4C को मरम्मत कार्य के चलते बंद रखा जाएगा। रेलवे विभाग यहां सड़क और रेलवे ट्रैक की मरम्मत करेगा। गुरुग्राम से फरुखनगर और झज्जर जाने वाले वाहन चालक चंदू से बादली होते हुए जा सकते हैं। इसके अलावा रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर से मुबारकपुर होते हुए झज्जर बाईपास का रास्ता भी अपना सकते हैं।
वहीं, झज्जर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक झज्जर बाईपास, मुबारकपुर और रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर के रास्ते आ सकेंगे। फरुखनगर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालकों के लिए वजीरपुर, अनाज मंडी फरुखनगर और बादली के रास्ते विकल्प रहेंगे।
रविवार को द्वारका एक्सप्रेसवे पर 12 बार रोका जाएगा ट्रैफिक
दूसरी ओर, रविवार को द्वारका एक्सप्रेसवे के एनपीआर-सीपीआर जंक्शन पर भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। यहां ग्लोबल सिटी परियोजना के तहत 400 केवी दौलताबाद-सेक्टर-72 बिजली लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है।
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड की ओर से सड़क के ऊपर से गुजर रहे 12 बिजली कंडक्टर हटाए जाएंगे। इस काम के दौरान सर्विस रोड, लिंक रोड के ओवरब्रिज और मुख्य द्वारका रोड पर यातायात को करीब 10 मिनट के लिए रोका जाएगा। इस तरह पूरे काम के दौरान वाहनों को कुल 12 बार रोकने की योजना है।
ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों से अपील
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोनों स्थानों से गुजरने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और बताए गए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। खासकर फरुखनगर-झज्जर जाने वाले और द्वारका एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले वाहन चालक अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। यानी शनिवार और रविवार को सड़क पर निकलने से पहले रास्ते की जानकारी जरूर ले लें, वरना आपका सफर जाम और इंतजार में फंस सकता है।
