अब कागजों में नहीं चलेगा सफाई का खेल! GPS नहीं लगाया तो एजेंसियों का क्या होगा?

गुरुग्राम में अगर आपके घर से रोज कूड़ा नहीं उठ रहा या सफाई व्यवस्था सिर्फ कागजों में बेहतर दिखाई जा रही है, तो अब नगर निगम इस पर सख्ती करने जा रहा है। कूड़ा उठाने वाली एजेंसियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी गाड़ियां, कर्मचारी और मशीनें पूरी संख्या में मैदान में उतारें। इतना ही नहीं, एक सप्ताह के अंदर GPS सिस्टम भी लगाना होगा। लापरवाही मिलने पर एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है।

दरअसल, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने शनिवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए।

एक सप्ताह में GPS इंटीग्रेशन जरूरी, तभी होगा भुगतान
निगमायुक्त ने साफ कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में स्टॉप गैप के तहत लगी गाड़ियों का GPS इंटीग्रेशन एक सप्ताह के अंदर पूरा किया जाए। एजेंसियों को भुगतान भी टेंडर की शर्तों और काम की वास्तविक स्थिति के आधार पर ही किया जाएगा।

यानी अब सिर्फ कागजों में गाड़ियां चलाने या काम पूरा दिखाने से काम नहीं चलेगा। अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करनी होगी कि कितनी गाड़ियां वास्तव में चल रही हैं और कितने घरों से रोज कूड़ा उठाया जा रहा है।

एजेंसियों को पूरी संख्या में लगाने होंगे कर्मचारी और वाहन

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई एजेंसियां टेंडर के मुताबिक कर्मचारी, मशीनरी, वाहन और दूसरे जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएं। इनकी नियमित जांच भी की जाए। नई एजेंसियों को सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट, पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे बिना देरी डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम शुरू कर सकें। साथ ही GPS और RFID से जुड़े सभी जरूरी काम तय समय में पूरे करने को कहा गया है।

पार्षदों के साथ मिलकर होगी कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की जांच
निगमायुक्त ने संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की निगरानी करने को कहा है। वे संबंधित वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर डोर-टू-डोर कलेक्शन वाहनों की जांच करेंगे। इसका मकसद यह पता लगाना है कि गाड़ियां नियमित रूप से चल रही हैं या नहीं और लोगों को वास्तव में सफाई सेवा मिल रही है या नहीं।

रोड स्वीपिंग मशीनों से ग्रीन बेल्ट तक होगी सफाई
बैठक में निगमायुक्त ने रोड स्वीपिंग मशीनों के सही इस्तेमाल और उनकी कार्यक्षमता पर भी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई सिर्फ मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ग्रीन बेल्ट और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की भी नियमित सफाई होनी चाहिए।

इसके अलावा शहर के गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVP) की समय पर सफाई करने और जरूरत के अनुसार उन्हें कवर करने को कहा गया है।

सफाई कर्मचारियों की रोजाना दर्ज होगी ऑनलाइन हाजिरी
नगर निगम अब सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति पर भी नजर रखेगा। सभी कर्मचारियों को SWM मॉनिटरिंग पोर्टल पर रोजाना अपनी हाजिरी दर्ज करनी होगी। इससे यह पता चल सकेगा कि कितने कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद हैं और सफाई का काम कितना हो रहा है।

निगमायुक्त ने सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव सुधारने के निर्देश भी दिए। डॉ. पंकज ने एजेंसियों को चेतावनी दी कि काम में लापरवाही या टेंडर की शर्तों का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।

More From Author

दवाइयों के खर्च पर लगेगा ब्रेक? मुकेश शर्मा ने किया बड़ा उद्घाटन, मरीजों को क्या मिलेगा फायदा?

राजीव चौक से गुजरेंगे तो नजरें ठहर जाएंगी! आखिर पिलर्स पर क्या खास बनने वाला है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.