मानेसर नगर निगम क्षेत्र के ग्रामीणों को अब निगम से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर निगम मानेसर की मेयर इंद्रजीत यादव सोमवार 8 दिसंबर से ‘आपकी मेयर आपके द्वार’ कार्यक्रम के पहले चरण की शुरुआत करेंगी। इसके तहत निगम क्षेत्र के सभी गांवों में जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे, जहां मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार बने नोडल अधिकारी
इस कार्यक्रम में मेयर के साथ नगर निगम की विभिन्न शाखाओं — सिविल, हॉर्टिकल्चर, इलेक्ट्रिकल, सेनिटेशन और टैक्स ब्रांच के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
मेयर इंद्रजीत यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम नगर निगम के विकास कार्यों और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा। इससे आमजन को पारदर्शी तरीके से स्थानीय समस्याओं का समाधान मिल सकेगा। ग्रामीण सीधे अधिकारियों से संवाद स्थापित कर पानी की आपूर्ति, सड़क, स्ट्रीट लाइट, सफाई, टैक्स सहित अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान करा सकेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए जाएंगे।
निगम प्रशासन पर जनता का बढ़ेगा भरोसा
मेयर और निगम अधिकारियों के खुद गांवों में जाकर जनता की समस्याएं सुनने से नगर निगम के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ेगा। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में निगम प्रशासन और जनता के बीच दूरी को कम करने का महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पहले सप्ताह का कार्यक्रम जारी
जनता दरबार का पहले सप्ताह का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
- सोमवार: गांव झुंड सराय – एससी चौपाल
- मंगलवार: गांव अलियर – शिव मंदिर
- बुधवार: गांव ढाणा – शहीद पार्क
- गुरुवार: गांव बांस कुसला – माता मंदिर
- शुक्रवार: गांव नैनवाल – कम्युनिटी सेंटर
सभी स्थानों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनता दरबार आयोजित होगा।
इस दौरान ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर सीधे मेयर और निगम अधिकारियों से मुलाकात कर सकेंगे।
