गुरुग्राम के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल अतुल कटारिया चौक अंडरपास को अगले 20 दिनों के लिए वाहनों की आवाजाही हेतु बंद कर दिया गया है। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार शाम को आधिकारिक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, ओल्ड दिल्ली रोड पर स्थित अतुल कटारिया चौक अंडरपास में शेड (कैनोपी) लगाने का कार्य किया जाना है। इसी निर्माण कार्य के चलते 31 दिसंबर से 20 जनवरी तक अंडरपास से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अंडरपास के ऊपर शेड न होने के कारण बारिश और धूप में वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए अब यहां शेड निर्माण का निर्णय लिया गया है, जिसका काम लगभग 20 दिनों तक चलेगा।
इस अवधि के दौरान अंडरपास से गुजरने वाले वाहन चालकों को सर्विस रोड का इस्तेमाल करना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
गौरतलब है कि यह मार्ग दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे को सीधे शीतला माता मंदिर से जोड़ता है, जिससे यहां दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है। ऐसे में आगामी कुछ दिनों तक इस इलाके में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
