गुरुग्राम के बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कचरे के निस्तारण के लिए अब नया समाधान सामने आ रहा है। एनटीपीसी (NTPC) ने यहां वेस्ट-टू-चारकोल प्लांट लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस परियोजना के लिए कंपनी को करीब 20 एकड़ जमीन की जरूरत है।

नगर निगम ने कंपनी को जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लगभग 10 एकड़ जमीन खाली है। पहले चरण में यह जमीन एनटीपीसी को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कंपनी प्लांट पर काम शुरू कर सके।

अधिकारियों के मुताबिक, प्लांट स्थापित करने में लगभग एक साल का समय लगेगा। इसके बाद 2027 से इस प्लांट से उत्पादन शुरू होने की संभावना है।
इस प्लांट में शहर से उठाए गए कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा और उसे चारकोल में बदला जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रोजेक्ट न सिर्फ कचरा प्रबंधन की बड़ी समस्या को हल करेगा बल्कि ऊर्जा उत्पादन और पर्यावरण सुधार में भी मददगार साबित होगा।
