भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने गुरुग्राम में प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम के सिलसिले में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दक्षिण हरियाणा में पार्टी के अंदर चल रही बयानबाजी को मतभेद बताते हुए कहा कि अब सभी मतभेद दूर हो चुके हैं और पार्टी पूरी तरह एकजुट है।

उन्होंने स्वीकार किया कि दक्षिण हरियाणा में नेताओं के बीच मतभेद जरूर थे, लेकिन मनभेद नहीं थे। अब सभी नेताओं के बीच सामंजस्य स्थापित हो चुका है और पार्टी आगे बढ़ रही है।
बयानबाजी का दौर खत्म, पार्टी एकजुट
जब पत्रकारों ने दक्षिण हरियाणा में भाजपा नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी पर सवाल किया तो बड़ौली ने कहा कि हरियाणा भाजपा में बयानबाजी का दौर समाप्त हो गया है। सभी नेताओं के मतभेद दूर हो चुके हैं और पार्टी अब एकजुट होकर आगामी चुनौतियों का सामना करेगी।
नेताओं से की गई बातचीत, सभी संतुष्ट
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमने सभी नेताओं से बातचीत की है। कृष्ण पाल गुर्जर समेत सभी प्रभावशाली नेताओं से चर्चा हो चुकी है। अब सभी नेता संतुष्ट हैं और पूरी तरह भाजपा के साथ खड़े हैं। बयानबाजी की बात अब पुरानी हो चुकी है।
नरबीर और इंद्रजीत के बीच जुबानी जंग पर भी रोक
दरअसल, दक्षिण हरियाणा के अहीरवाल क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर जुबानी जंग चल रही थी।
हाल के महीनों में दोनों नेताओं ने सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे पर व्यक्तिगत टिप्पणियां और नाम लेकर बयानबाजी की थी, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में असमंजस और विपक्षियों को भी मौका मिल रहा था।
कुछ मामलों में तो भ्रष्टाचार और जेल जाने तक जैसी बातों का जिक्र भी सामने आया, जिसने संगठन को असहज कर दिया था।
उच्च स्तर पर हुई चर्चा, अनुशासन का पालन होगा
बड़ौली ने कहा कि पार्टी की आंतरिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तर पर चर्चा की गई और सभी नेताओं ने समझदारी दिखाई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मंचों पर सरकार और संगठन की आलोचना करना उचित नहीं है।
अब अनुशासन का पालन किया जाएगा और जुबानी हमले बंद हो गए हैं।
पार्टी का फोकस अब विकास और संगठन विस्तार पर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का फोकस अब विकास, संगठन विस्तार और आगामी चुनौतियों पर है। दक्षिण हरियाणा के अहीरवाल क्षेत्र को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां की 11 में से 10 सीटें भाजपा के पास हैं।
