ऑनलाइन डेटिंग एप बंबल पर दोस्ती और प्यार का जाल इतना खतरनाक हो सकता है कि एक मल्टीनेशनल कंपनी के कर्मचारी से 73 लाख रुपये ठग लिए गए। मामला सेक्टर 56, जलवायु विहार का है, जहां 50 वर्षीय व्यक्ति ने साइबर थाना वेस्ट में शिकायत दर्ज कराई।

कैसे हुआ फ्रॉड
सब कुछ शुरू हुआ बंबल एप पर चैट से। कुछ दिनों की टेक्स्ट बातचीत के बाद युवती ने वीडियो कॉल कर प्यार का इजहार किया। बातचीत के दौरान व्यक्ति ने अपनी गोआ में घर खरीदने की योजना बताई। यही वह मौका था, जिसे युवती ने हथियार बना लिया।
युवती ने दावा किया कि वह स्टॉक मार्केट में करोड़ों रुपये कमा चुकी है और व्यक्ति को भी निवेश करने को कहा। उन्होंने मोबाइल में फर्जी एप इंस्टॉल करवाया और टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया, जहां “अन्य निवेशक” भी मौजूद थे और निवेश की सलाह देने लगे।
73 लाख का भारी झटका
एक महीने में व्यक्ति ने जालसाजों के अकाउंट में 73 लाख 42 हजार 500 रुपये जमा कर दिए। एप में राशि दो करोड़ 4 लाख रुपये दिखी, लेकिन जैसे ही उन्होंने निकालने की कोशिश की, रोक दिया गया। बाद में जालसाजों ने 25% और जमा करने के लिए कहा। तभी पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
साइबर थाना वेस्ट ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऑनलाइन डेटिंग और निवेश के मामले में सतर्कता बहुत जरूरी है।
नागरिकों के लिए सलाह
किसी भी अजनबी की सलाह पर एप डाउनलोड या पैसे निवेश करने से पहले हमेशा दो बार सोचें। “प्यार और पैसा” का जाल ऑनलाइन तेजी से फैल रहा है।
