दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिल्ली से खेड़कीदौला टोल प्लाजा के बीच के हिस्से की जल्द तस्वीर बदलने जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हाईवे के इस हिस्से को अपग्रेड करने की योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 245 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और अगस्त 2025 से काम शुरू होने की उम्मीद है।

क्या-क्या बदलेगा?
- धौलाकुआं से खेड़कीदौला टोल प्लाजा तक हाईवे का कायाकल्प होगा
- पुरानी रेलिंग की मरम्मत और सुरक्षा के लिए नई रेलिंग लगाई जाएगी
- हीरो होंडा चौक से खेड़कीदौला के बीच जलभराव से निजात दिलाने का काम होगा
- सर्विस रोड की मरम्मत और आरएमसी सड़कों का निर्माण
- नरसिंहपुर के पास नालों के ओवरफ्लो की समस्या को भी दूर किया जाएगा
क्यों जरूरी है यह बदलाव?
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रोजाना 3 लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में जर्जर सड़कें, जलभराव और जाम की समस्या आम हो चुकी है। करीब 20 साल बाद इस रूट पर बड़ी मरम्मत की जा रही है, जिससे यात्रियों को राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।
कब से शुरू होगा काम?
बारिश के चलते फिलहाल मरम्मत कार्य स्थगित रहेगा। लेकिन अगस्त से पहले रेलिंग और ड्रेनेज सुधार का काम शुरू कर दिया जाएगा। एनएचएआई ने प्रोजेक्ट के लिए कंस्ट्रक्शन एजेंसी को हरी झंडी दे दी है।
