डूंडाहेड़ा इलाके में एक ढाबा मालिक और उनके बेटे के साथ हुई बेरहमी की मारपीट के मामले में उद्योग विहार थाना पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल, निवासी शिवाजी नगर, जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे DLF फेस 5 से पकड़ा।

घटना का विवरण
18 सितंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे, हनुमान चौक स्थित ढाबे पर अनिश खाना लेने गया था। बताया गया कि वह शराब के नशे में था। उसने ढाबे से खाना पैक करवाया और बिना पैसे दिए लौटने लगा। जब ढाबा मालिक ने पैसे मांगें, तो अनिश ने गाली-गलौज की और हाथापाई करते हुए धमकी दी कि “25 मिनट में इसका अंजाम भुगतेगा।”
इसके कुछ देर बाद अनिश स्कूटी पर दो दोस्तों मनीष और संदीप के साथ आया और ढाबा मालिक व उनके बेटे पर हमला कर दिया। उसी समय पीछे से एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी आई, जिसमें से 4-5 लोग उतरे और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

बताया गया कि एक आरोपी ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस कार्रवाई
इस मामले में अनिश, मनीष और संदीप को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। चौथे आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में साहिल ने बताया कि वह अपने चार अन्य साथियों के साथ स्कॉर्पियो में दिल्ली जा रहा था, और उसके साथी ने ढाबे पर खाना लेने के दौरान अनिश का झगड़ा ढाबा मालिक के साथ पहले ही देख लिया। इसी misunderstanding के कारण उन्होंने ढाबा मालिक के साथ मारपीट की और धमकी दी।
एफआईआर दर्ज
ढाबा संचालक की शिकायत पर उद्योग विहार थाना में FIR दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।
