गुरुग्राम के पॉश इलाके DLF फेज-2 में बुधवार सुबह एक व्यापारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। यह मामला पहले हिट एंड रन बताया जा रहा था, लेकिन अब CCTV फुटेज सामने आने के बाद इसे सुनियोजित हत्या की आशंका से जोड़ा जा रहा है। मृतक की पहचान अमिताभ जैन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अमिताभ जैन रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे साइकिलिंग के लिए निकले थे। जब वे सड़क के एकदम किनारे साइकिल चला रहे थे, तभी दिल्ली नंबर की सैंट्रो कार ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमिताभ जैन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज ने बढ़ाया शक
घटना का CCTV वीडियो अब सामने आ चुका है, जिसने इस मामले को और संदिग्ध बना दिया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि:
- सड़क पूरी तरह खाली थी
- अमिताभ जैन बिलकुल सड़क के किनारे साइकिल चला रहे थे
- कार की स्पीड बहुत तेज नहीं थी
- स्पीड ब्रेकर पार करने के बाद कार सीधी जाकर साइकिल सवार को टक्कर मारती है
- आरोपी चालक के पास कार मोड़ने का पूरा मौका मौजूद था, बावजूद इसके उसने टक्कर मारी
- टक्कर के बाद ड्राइवर रुका नहीं और मौके से फरार हो गया
- एक महिला घटनास्थल की ओर दौड़ती हुई नजर आती है
इन सभी तथ्यों के बाद परिजन और स्थानीय लोग इसे एक्सीडेंट नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।
पुलिस ने ट्रेस किया कार का नंबर, आरोपी की तलाश तेज
गुरुग्राम पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी कार का नंबर और उसका पता ट्रेस कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।
