31 दिसंबर की रात जहां एक ओर गुरुग्राम पुलिस नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही थी, वहीं दूसरी ओर पुलिस महकमे का ही एक एएसआई शराब के नशे में गंभीर हादसे का कारण बन गया। आरोपी एएसआई ने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए वीआईपी ड्यूटी में तैनात पायलट स्कॉर्पियो गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसमें स्कॉर्पियो चालक घायल हो गया।

यह हादसा शहर के अत्यंत व्यस्त सेक्टर 4/7 चौक के पास हुआ। मौके पर जांच करने पर सामने आया कि एएसआई नशे की हालत में था। इसके बाद न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नंबर प्लेट भी थी संदिग्ध
पुलिस को दी गई शिकायत में यह भी खुलासा हुआ कि एएसआई की निजी कार की आगे की नंबर प्लेट गायब थी, जबकि पीछे की नंबर प्लेट के अक्षर भी अधूरे पाए गए। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह शहर का व्यस्ततम चौराहा है, जहां अक्सर भारी ट्रैफिक रहता है।
नाके पर चल रही थी सघन जांच
नाका प्रभारी एसआई रमेश ने शिकायत में बताया कि 31 दिसंबर की रात आईनॉक्स मॉल के पास सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नाकेबंदी की गई थी। नाके पर हेड कांस्टेबल संजय, पूनम, कांस्टेबल सोमबीर, सुधीर, एसपीओ अजय पाल और होमगार्ड रघुवीर तैनात थे। न्यू कॉलोनी रेड लाइट की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
इसी दौरान एएसआई बलजीत सिंह अपनी निजी सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार से मौके पर पहुंचे और एसपीओ अजय पाल को अपने साथ ले गए। लगभग आधे घंटे बाद दोनों आईनॉक्स मॉल से बाहर लौटे।
तेज रफ्तार और लापरवाही से हुआ हादसा
इसके बाद एएसआई बलजीत ने नाके पर ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल संजय कुमार और हंसराज को अपनी गाड़ी में बैठाया और तेज रफ्तार में वाहन चलाने लगे। सेक्टर 4/7 चौक पर अचानक यू-टर्न लेते हुए उन्होंने रेलवे स्टेशन की ओर से आ रही वीआईपी ड्यूटी में तैनात पायलट स्कॉर्पियो गाड़ी को टक्कर मार दी।
हादसे में स्कॉर्पियो चालक को चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
केस दर्ज, जांच शुरू
नाका प्रभारी एसआई रमेश की शिकायत पर न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी एएसआई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पुलिस विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
