गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर रोजाना जाम और जोखिम भरी ड्राइविंग से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। बिजवासन टोल प्लाजा के पास जल्द ही यू-टर्न अंडरपास बनाने की योजना पर काम तेज हो गया है।

अभी हालात ये हैं कि यहां यू-टर्न की सुविधा न होने के कारण वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। कई बार जल्दबाजी में लोग गलत दिशा में गाड़ी मोड़ देते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। खासकर बजघेड़ा कट मिस होने पर ड्राइवर सीधे टोल तक पहुंच जाते हैं और फिर रॉन्ग साइड चलने लगते हैं।
अब इस समस्या को खत्म करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दो लेन के अंडरपास का प्लान तैयार किया है। इसके लिए करीब 8.5 एकड़ जमीन की जरूरत होगी, जिसमें ज्यादातर हिस्सा जीएमडीए का है, जबकि कुछ जमीन निजी बिल्डरों से ली जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, जमीन मिलते ही प्रोजेक्ट का इस्टीमेट तैयार किया जाएगा और निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी। इस संबंध में 28 जनवरी को NHAI चेयरमैन संतोष यादव की अध्यक्षता में एक अहम बैठक भी हो चुकी है, जिसमें जिला प्रशासन और जीएमडीए के अधिकारी मौजूद थे।
सर्वे रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि यू-टर्न न होने से लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। साथ ही, टोल के आसपास ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है और अचानक लेन बदलने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
अगर यह अंडरपास बनता है, तो न सिर्फ ट्रैफिक सुगम होगा, बल्कि रोजाना हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
