गुरुग्राम। मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस विनर एल्विश यादव के घर पर रविवार तड़के सुबह फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना करीब सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय घर पर एल्विश की मां सुषमा यादव मौजूद थीं। गोलीबारी की आवाज़ सुनकर घर का केयरटेकर घबराकर अंदर भाग गया और तुरंत एल्विश के पिता मास्टर राम अवतार को सूचना दी।
बाइक सवार हमलावरों ने दागे 24 राउंड
जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम के वजीराबाद स्थित घर पर बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने करीब 24 राउंड फायर किए। दो बदमाशों ने बाइक से उतरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जबकि एक हमलावर बाइक पर इंतजार करता रहा। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ।
CCTV में कैद हुई वारदात
फायरिंग के निशान घर की दीवारों पर साफ दिख रहे हैं। घर पर लगे CCTV कैमरों में हमलावरों की पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी डीवीआर कब्जे में लेकर जांच कर रही है। फिलहाल घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पिता का बयान – पुलिस पर पूरा भरोसा
एल्विश यादव के पिता मास्टर राम अवतार ने बताया कि,
“हमलावर गोलियां चलाकर फरार हो गए। घटना के समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे। हमें पुलिस की कार्रवाई पर पूरा विश्वास है।”
पुलिस जांच में गैंगवार की आशंका
सेक्टर-56 थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में पुलिस किसी गैंग के हाथ होने की आशंका से इंकार नहीं कर रही। असली वजह का खुलासा जांच के बाद ही होगा।
विवादों से पुराना नाता – हाईकोर्ट से मिला था झटका
गौरतलब है कि एल्विश यादव का विवादों से पुराना नाता रहा है। हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे में दाखिल चार्जशीट और समन आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी थी।
रेव पार्टी और सांप का जहर मामला
नोएडा के सेक्टर-49 थाने में दर्ज एफआईआर में एल्विश यादव पर आरोप है कि उन्होंने रेव पार्टियों का आयोजन किया और वहां विदेशी मेहमानों को सांप का जहर और नशीले पदार्थ उपलब्ध कराए। साथ ही, यूट्यूब वीडियो बनाने के लिए सांपों और उनके जहर का दुरुपयोग करने का भी आरोप है।
दर्ज धाराएं
एल्विश के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, आईपीसी और एनडीपीएस अधिनियम की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज है। कोर्ट ने चार्जशीट का संज्ञान लेते हुए समन जारी किया था।
