गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वजीरपुर रोड स्थित खेटावास गांव के पास बने ऑरचिड प्लेस स्कूल की बिल्डिंग के अवैध हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। जिला नगर एवं ग्राम नियोजन (DTCP) विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माण के उन हिस्सों को गिराया गया, जो विभागीय नियमों के विरुद्ध बनाए गए थे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई, जिसे पुलिस ने शांतिपूर्वक नियंत्रित किया।
नोटिस के बावजूद नहीं दी गई स्वीकृतियां
अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित भवन को पहले नोटिस जारी किए जा चुके थे। निर्धारित समयावधि में न तो आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए और न ही नक्शा पास करवाया गया। नियमों की अनदेखी किए जाने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
ड्यूटी टाउन प्लानर (डीटीपी) आर.एस. बाठ के नेतृत्व में एटीपी सतेंद्र, जेई सुमित और जेई आशिष त्यागी सहित विभागीय टीम मौके पर मौजूद रही।
अवैध निर्माण पर प्रशासन की सख्ती
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वजीरपुर रोड और आसपास के इलाकों में अवैध निर्माण तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रशासन की यह कार्रवाई अन्य बिल्डरों और प्रॉपर्टी डेवलपर्स के लिए स्पष्ट संदेश मानी जा रही है कि बिना स्वीकृति के निर्माण पर अब सख्त कार्रवाई होगी।
DTCP विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में अवैध कॉलोनियों और व्यावसायिक निर्माणों की व्यापक जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
