गुरुग्राम शहर के फिरोज गांधी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 10 दिनों से बिजली गुल रहने के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर गहरा असर पड़ा है। बिजली न होने से टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच और अन्य जरूरी सेवाएं बाधित हो गई हैं।

केंद्र के स्टाफ का कहना है कि वैक्सीन खराब होने का खतरा बना हुआ है। हालांकि, उन्होंने वैक्सीन को सुरक्षित स्थान पर रखा है। दूसरी जगह वैक्सीन रखे जाने की वजह से मरीजों को टीकाकरण के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
महिला मरीजों को सबसे अधिक परेशानी
बिजली न होने के कारण गर्भवती महिलाओं के जरूरी टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं। गर्मी और अंधेरे के कारण स्टाफ और डॉक्टर अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। इसके चलते विशेष रूप से महिला मरीजों को भारी परेशानी हो रही है।
बिल न भरने के कारण बिजली आपूर्ति बंद
केंद्र के कर्मचारियों के अनुसार, बिजली का बिल न भरने के कारण आपूर्ति काट दी गई है। सीएमओ और बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
फिलहाल, केंद्र के कर्मचारी बिजली संकट का सामना कर रहे हैं, और स्वास्थ्य व बिजली विभाग इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे। अब यह देखना बाकी है कि बिजली कब बहाल होगी और सेवाएं सामान्य हो पाएंगी।
