गुरुग्राम में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नई पेयजल पाइपलाइन डालने की योजना अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जारी टेंडर में सात कंपनियों ने आवेदन किया है और जल्द ही इसकी वित्तीय बिड खोली जाएगी।

जीएमडीए ने यह टेंडर पिछले वर्ष आमंत्रित किया था। योजना के तहत बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से द्वारका एक्सप्रेसवे, पालम विहार रोड, सुशील ऐमा मार्ग, ओल्ड दिल्ली रोड और उद्योग विहार रोड होते हुए शंकर चौक तक नई पेयजल लाइन डाली जाएगी। इस परियोजना पर करीब 57 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
सेक्टर-81 से 115 तक मिलेगा सीधा फायदा
नई पाइपलाइन के चालू होने से सेक्टर-81 से लेकर सेक्टर-115, सेक्टर-21 से 23, पालम विहार, उद्योग विहार, डीएलएफ क्षेत्र सहित करीब 80 इलाके और रास्ते में आने वाली कॉलोनियां व गांव लाभान्वित होंगे। वित्तीय बिड खुलने के बाद इस योजना को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाली उच्चस्तरीय खरीद समिति की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
वैकल्पिक लाइन बनेगी संकट में सहारा
फिलहाल सेक्टर-81 से 115 तक के इलाकों में चंदू बुढेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की आपूर्ति की जा रही है। हाल ही में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई सोसाइटियों में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो गया था। नई लाइन बनने के बाद भविष्य में ऐसी स्थिति आने पर बसई प्लांट से वैकल्पिक रूप से पानी की सप्लाई की जा सकेगी।
मौजूदा पाइपलाइन की क्षमता 146 एमएलडी है, जबकि प्रस्तावित नई पाइपलाइन की क्षमता 200 एमएलडी होगी। इस परियोजना को पूरा होने में करीब डेढ़ साल का समय लगेगा।
बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता भी बढ़ेगी
जीएमडीए बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहा है। वर्तमान में प्लांट की क्षमता 270 एमएलडी है, जिसे बढ़ाकर 470 एमएलडी किया जाएगा। पहले चरण में 100 एमएलडी क्षमता का नया ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किया जाएगा, जिससे शहर की पेयजल व्यवस्था और मजबूत होगी।
मार्च से सेक्टर-68 से 80 तक मिलेगा पर्याप्त पानी
जीएमडीए का दावा है कि मार्च महीने से सेक्टर-68 से लेकर सेक्टर-80 तक की सोसाइटियों और कॉलोनियों को पर्याप्त पेयजल मिलने लगेगा। सेक्टर-72 का बूस्टिंग स्टेशन बनकर तैयार हो चुका है और इसका ट्रायल भी सफल रहा है। द्वारका एक्सप्रेसवे के नीचे एवीएल-36 सोसाइटी के पास नई पेयजल लाइन डालने का काम फरवरी के अंतिम सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद सेक्टर-51 और सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन से जुड़े इलाकों में पानी की सप्लाई में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
क्या बोले जीएमडीए अधिकारी
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अभिनव वर्मा ने बताया,
“बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नई पाइपलाइन डाली जाएगी। इससे द्वारका एक्सप्रेसवे, पालम विहार रोड, सुशील ऐमा मार्ग और ओल्ड दिल्ली रोड से जुड़े इलाकों को बड़ा फायदा होगा। टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।”
नई पाइपलाइन और बढ़ी हुई ट्रीटमेंट क्षमता के बाद गुरुग्राम में पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
