गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर बड़ा प्रयोग! एक ही पिलर पर मेट्रो और एलिवेटेड रोड?

गुरुग्राम शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर जल्द ही मेट्रो और एलिवेटेड रोड एक ही पिलर पर बनाई जा सकती हैं। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने सेक्टर-56 से पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन की डीपीआर में बड़ा बदलाव करने का सुझाव दिया है।

इस बदलाव के तहत एलिवेटेड रोड के ऊपर मेट्रो ट्रैक बिछाया जाएगा, जिससे सड़क पर जगह की बचत होगी और निर्माण लागत भी कम आएगी। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HMRTC) ने इस प्रस्ताव पर तकनीकी राय के लिए रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (RITES) से पक्ष मांगा है।

मुख्यमंत्री ने लिया एलिवेटेड रोड का फैसला

14 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को लेकर बैठक हुई थी। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी मौजूद थे। लंबे समय से चल रही अंडरपास और फ्लाईओवर की बहस के बाद मुख्यमंत्री ने घाटा चौक से वाटिका चौक तक एलिवेटेड रोड बनाने के निर्देश दिए।

इस प्रोजेक्ट पर करीब 750 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने इसके डिजाइन के लिए एक कंसल्टेंट कंपनी नियुक्त कर दी है।

एकीकृत ढांचे से होगा बड़ा फायदा

GMRL का कहना है कि अगर मेट्रो और एलिवेटेड रोड को अलग-अलग बनाया गया तो सड़क की चौड़ाई, ड्रेनेज और रखरखाव में दिक्कतें आएंगी। इसलिए नागपुर, बेंगलुरु, दिल्ली और जयपुर की तर्ज पर दोनों को एक ही पिलर पर बनाया जाए।

इस मॉडल से करीब 9 मीटर अतिरिक्त जमीन बचेगी, जिसका उपयोग भविष्य में सड़क चौड़ीकरण या ग्रीन बेल्ट के रूप में किया जा सकेगा।

36 किलोमीटर लंबी होगी नई मेट्रो लाइन


RITES द्वारा तैयार डीपीआर के अनुसार सेक्टर-56 से पचगांव तक मेट्रो रूट की लंबाई करीब 36 किलोमीटर होगी। यह मेट्रो रैपिड मेट्रो के सेक्टर-56 स्टेशन से शुरू होकर गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) होते हुए पचगांव तक पहुंचेगी।

पूरे कॉरिडोर पर 28 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं।

नमो भारत ट्रेन के रूट में भी बदलाव की तैयारी

गुरुग्राम में सेक्टर-29 की जमीन को बचाने के लिए नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम-फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा रूट में भी बदलाव पर विचार किया जा रहा है। इस विषय पर HMRTC के एमडी डॉ. चंद्रशेखर खरे की अध्यक्षता में बैठक हुई।

NCRTC की योजना के अनुसार नमो भारत ट्रेन को इफको चौक से बाबा भीमराव आंबेडकर मार्ग होते हुए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से नोएडा और ग्रेटर नोएडा ले जाया जाएगा।

More From Author

खांडसा गांव में गैंगस्टर रिक्की की अवैध ‘मंडी’ पर चला बुलडोजर, 40 से ज्यादा दुकानें ध्वस्त

एक हफ्ते में 274 चालान… जानिए गुरुग्राम में प्रदूषण फैलाने वालों पर कितनी बड़ी कार्रवाई हुई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *