गुरुग्राम शहर की सड़कों पर लापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गोल्फ कोर्स रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार और गलत दिशा में चल रही फॉर्च्यूनर ने ऐसा कहर बरपाया कि सड़क कुछ देर के लिए जंग का मैदान बन गई। हादसे में एक निजी लॉजिस्टिक कंपनी के छह कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना 20 जनवरी की रात करीब 1 बजे की है। एक टोयोटा वाहन में कंपनी के सात कर्मचारी, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं, सेक्टर-54 से डीएलएफ फेज-3 की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन सेक्टर-53 क्षेत्र में पहुंचा, तभी सामने से गलत दिशा में तेज गति से आ रही फॉर्च्यूनर ने सीधे टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयानक था कि टोयोटा गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

टक्कर के बाद आरोपी चालक ने जिम्मेदारी निभाने के बजाय अपनी फॉर्च्यूनर को मौके पर ही लॉक किया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि आरोपी की यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चली, क्योंकि पूरी वारदात कैब में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर थाना सेक्टर-53 पुलिस ने जांच तेज की और 23 वर्षीय राहुल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजस्थान के झुंझनूं जिले का रहने वाला है और वर्तमान में सुशांत लोक-3 में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर उसके पिता के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह गलत दिशा में तेज और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
फिलहाल पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
