टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के जिला नगर योजनाकार (इन्फोर्समेंट) यानी डीटीपीई की टीम ने शुक्रवार को गोल्फ कोर्स रोड स्थित सरस्वती कुंज कॉलोनी में अवैध रूप से बनी झुग्गियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। करीब 670 झुग्गियों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।

बुधवार को विभाग की ओर से झुग्गीवासियों को मुनादी कर नोटिस दिया गया था कि वे अपना सामान हटाकर स्थान खाली कर दें। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जब कार्रवाई शुरू हुई, तब ज्यादातर झुग्गियां खाली मिल गईं। बावजूद इसके विभाग ने लोगों को एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया। समय पूरा होते ही कार्रवाई शुरू हुई और करीब चार घंटे तक बुलडोजर लगातार चलता रहा।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि यदि कोई दोबारा अवैध झुग्गी डालने की कोशिश करता है तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। और बची हुई झुग्गियों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।

अवैध कब्जा कर वसूला जा रहा था किराया
विभागीय सूत्रों के अनुसार वजीराबाद गांव के कुछ लोगों ने इन झुग्गियों को अवैध रूप से बसाया हुआ था और प्रति झुग्गी 3,000 से 4,000 रुपये किराया वसूला जा रहा था। बिजली चोरी की जा रही थी और बोरवेल से पानी की व्यवस्था थी।
स्थानीय रिहायशी सोसायटियों के निवासियों ने कई बार शिकायत की थी कि यहाँ नशे का कारोबार और असामाजिक गतिविधियाँ बढ़ रही हैं। साथ ही क्षेत्र में गंदगी और खुले में शौच के कारण वातावरण दूषित हो रहा था।
गौरतलब है कि पिछले 5 सालों में कई बार ये झुग्गियां हटाई जा चुकी हैं, लेकिन अवैध कब्जाधारियों द्वारा दोबारा खड़ी कर दी जाती थीं।
