गुरुग्राम के साउथ पेरिफेरल रोड (SPR) पर शनिवार रात एक दर्दनाक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार काले रंग की महिंद्रा थार ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ऑटो चालक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दो अन्य सवारियां घायल हुई हैं।

मृतक की पहचान 48 वर्षीय माहेश्वरी दयाल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे। वे गुरुग्राम में ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ जब माहेश्वरी दयाल डीएलएफ ग्रीन से सवारियां लेकर जा रहे थे। एम3एम के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार थार ने ऑटो को टक्कर मार दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थार चालक ने ओवरटेकिंग या लेन बदलते समय नियंत्रण खो दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि SPR रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें छोटे वाहन अक्सर शिकार बनते हैं।
मृतक के परिजनों ने बताया कि माहेश्वरी दयाल कई वर्षों से गुरुग्राम में मेहनत कर अपने परिवार का पालन कर रहे थे। उनकी पत्नी ने कहा कि इस हादसे ने उनका सब कुछ छीन लिया है और अब बच्चों का भविष्य अधर में है। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।
परिजनों ने यह भी बताया कि घटनास्थल पर छोड़ी गई थार से नमकीन के पैकेट भी बरामद हुए हैं।
