गुरुग्राम। खांडसा रोड पर देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ओवरटेक को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि नशे में धुत एक ऑटो चालक ने स्कूटी सवार युवक को सरेआम सड़क पर रोककर बेरहमी से पीट दिया। हमले में युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ओवरटेक बना विवाद की वजह
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी सवार युवक खांडसा रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने एक ऑटो को ओवरटेक कर लिया। इसी बात से नाराज ऑटो चालक ने युवक को रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपी ने युवक पर थप्पड़ और घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।
बीच सड़क पर पिटाई, लोग बने तमाशबीन
घटना के दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि कुछ राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसी बीच युवक के साथी मौके पर पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख आरोपी ऑटो चालक मौके से फरार हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऑटो चालक युवक को बेरहमी से पीट रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी ऑटो चालक की पहचान की जा रही है। मामले में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
