गुड़गांव के DLF फेज-3 सिरिस रोड में लिव-इन कपल के बीच झगड़ा खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया। शुक्रवार देर रात महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर और स्क्रैप कारोबारी हरीश शर्मा की छाती में चाकू घोंपकर हत्या कर दी।

हत्या की वजह: घर आने-जाने पर होता था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मृतक हरीश शर्मा (40) मूल रूप से गांव बालियावास के रहने वाले थे और फरीदाबाद व बेंगलुरू में उनकी स्क्रैप फैक्ट्रियां थीं। करीब डेढ़ साल से वे 27 वर्षीय यशमीत कौर के साथ DLF फेज-3 स्थित सिरिस रोड पर एक अपार्टमेंट में लिव-इन में रह रहे थे।
हरीश का अपने गांव आना-जाना लगा रहता था, जिससे यशमीत नाराज़ रहती थी। इसी बात को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। शुक्रवार रात भी दोनों में कहासुनी हुई, और गुस्से में आकर यशमीत ने सब्जी काटने वाले चाकू से हरीश की छाती पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हत्या की रात: पेटीएम पेमेंट के बाद मिला मौत का फोन
मृतक के भतीजे के मुताबिक, शुक्रवार रात गांव का ही एक युवक विजय उर्फ सेठी घर आया था और हरीश को साथ लेकर चला गया। हरीश सात लाख रुपये कैश लेकर निकले थे। रात करीब 12 बजे उन्होंने फोन कर बताया कि रेस्टोरेंट में खाना खा रहे हैं और पेटीएम से ₹1650 भेजने को कहा।
भतीजे ने यह राशि ट्रांसफर कर दी। लेकिन इसके बाद रात करीब 3:30 बजे यशमीत कौर का फोन आया, जिसमें उसने हरीश की मौत की सूचना दी।
हत्या का खुलासा और गिरफ्तारी
परिवार की शिकायत पर DLF फेज-3 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में यशमीत ने हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने मौके से खून से सना चाकू और टी-शर्ट बरामद की।
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि हरीश शादीशुदा थे और उनकी पत्नी बीमार रहती थीं। इसी कारण दोनों करीब आए और लिव-इन में रहने लगे। लेकिन हरीश का परिवार के पास लौटना यशमीत को खलता था, जिससे झगड़े होते थे।
