गुरुग्राम। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (DLSA) गुरुग्राम की ओर से 13 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। यह लोक अदालत जिला न्यायालय परिसर सहित सोहना और पटौदी उपमंडल में भी लगेगी।

27 बेंचों का गठन
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सचिव राकेश कादियान ने बताया कि लोक अदालत के लिए कुल 27 बेंचों का गठन किया गया है।
- 5 बेंच सिर्फ ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए
- 10 बेंच चेक बाउंस मामलों के लिए
- बाकी बेंच अन्य मामलों के निपटारे के लिए होंगी।
इसके अलावा सोहना और पटौदी में भी लोक अदालत आयोजित होगी, जहां एक-एक बेंच बनाई गई है।
ट्रैफिक चालानों के लिए हेल्प डेस्क
लोगों की सुविधा के लिए जिला न्यायालय परिसर में दो हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं।
- एक हेल्प डेस्क गेट नंबर-2 के पास स्थित मध्यस्थता केंद्र में
- दूसरी कोर्ट परिसर के अंदर लगाई गई है।
इन हेल्प डेस्क का संचालन ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से किया जाएगा ताकि लोगों को चालान भुगतान में आसानी हो।
समय और धन की बचत का अवसर
सचिव राकेश कादियान ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में मामलों का निपटारा शीघ्रता से होता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
