gurgaon reporter

सोहना रोड पर गोलियों की गूंज! गुरुग्राम क्राइम ब्रांच और कुख्यात वाहन चोर में मुठभेड़

गुरुग्राम के सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच की टीम और एक वाहन चोर गिरोह के बदमाश के बीच बुधवार देर रात सोहना रोड पर मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने पर जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान जाहिद (30) निवासी झिमरावट, थाना पिनगवा, नूंह के रूप में हुई है। जाहिद पर गुरुग्राम, नूंह और दिल्ली में वाहन चोरी के 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 5 मामलों में अदालत ने उसे पीओ (घोषित अपराधी) घोषित कर रखा है। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

क्राइम ब्रांच को मिला इनपुट

सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबर प्लेट की काली अपाचे बाइक पर गुरुग्राम से सोहना की ओर जा रहा है और अवैध हथियारों के बल पर लूट की योजना बना रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम को बुलेटप्रूफ जैकेट और हथियारों के साथ नाकेबंदी पर तैनात कर दिया गया। इसी दौरान गांव रायपुर से सोहना की ओर काली बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बाइक की स्पीड बढ़ा दी और पुराना अलवर-सोहना रोड की तरफ भागने लगा।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस टीम ने बाइक का पीछा किया और आगे लगे नाके पर तैनात टीम को फोन करके सूचना दी। आरोपी ने वहां भी बैरिकेड्स को टक्कर मार दी, जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई।

नीचे गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और तिकोना पार्क की तरफ भागने लगा। पुलिस ने हवाई फायर कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने फिर से पुलिस पर गोली चलाई। गोली सब-इंस्पेक्टर मोहित की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी जाहिद के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।

बरामदगी और मामला दर्ज

आरोपी के पास से पुलिस ने:

  • 01 बाइक (बिना नंबर प्लेट)
  • 01 पिस्टल
  • 01 जिंदा कारतूस
  • घटनास्थल से 04 खोखे

बरामद किए हैं।
आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने का मामला थाना शहर सोहना में दर्ज किया गया है।

पुलिस की अपील

गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि शहर में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

More From Author

दवाइयां, गिफ्ट, डॉक्युमेंट्स सब पर रोक… आखिर क्यों थम गई अमेरिका जाने वाली डाक?

गुरुग्राम की इस सड़क का जल्द होगा बड़ा बदलाव… जानिए क्या है योजना!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *