गुरुग्राम। यातायात पुलिस ने ड्यूटी में लापरवाही करने वाले दो जोनल अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर दिया है। सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात पूर्व) संजय कुमार, HPS द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में यह खुलासा हुआ।

निरीक्षण में पाया गया कि घाटा पावर हाउस जोनल अधिकारी के तहत तैनात सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र अपने ड्यूटी स्थल पर नहीं थे। अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें तुरंत निलंबित कर दिया गया।
इसी दौरान सूरजकुंड मेले के भारी वाहनों के लिए लगाए गए नाकों की जांच के दौरान फरीदाबाद बंधवाड़ी टोल पर तैनात सहायक उप निरीक्षक आज़ाद भी ड्यूटी पर नहीं थे। जांच में यह भी सामने आया कि उनके पास बॉडी वार्न कैमरा भी नहीं था। गंभीर लापरवाही के चलते उन्हें भी तुरंत निलंबित कर दिया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी नियमों और आदेशों का पालन करें। ड्यूटी में लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सहायक पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि भविष्य में ऐसे औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेंगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित और प्रभावी बनी रहे।
