गुरुग्राम की 10 मुख्य सड़कें बनेंगी ‘आइडियल रोड’, 50 किलोमीटर क्षेत्र में बदलेगी ट्रैफिक की तस्वीर

गुरुग्राम की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और बढ़ते प्रदूषण पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सोमवार को ट्रैफिक टावर में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में यह तय किया गया कि शहर के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों की 10 प्रमुख सड़कों को ‘आइडियल रोड’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 50 किलोमीटर होगी।

बैठक की अध्यक्षता नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने की। बैठक में सीएक्यूएम (CAQM) के दिशा-निर्देशों के अनुसार 33 अहम बिंदुओं पर काम करने का निर्णय लिया गया।

गड्ढा मुक्त होंगी सड़कें, एआई कैमरों से होगी निगरानी

आइडियल रोड योजना के तहत चयनित सड़कों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त किया जाएगा। सड़क पर स्पष्ट रोड मार्किंग, आधुनिक साइन बोर्ड, ट्रैफिक लाइट और एआई आधारित कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए अलग ट्रैक

प्रशासन की योजना है कि इन सड़कों पर पैदल चलने वालों और साइकिल चालकों के लिए अलग ट्रैक बनाए जाएं। साथ ही पूरे क्षेत्र को हॉर्न फ्री जोन बनाने पर भी जोर दिया जाएगा, जिससे ध्वनि और वायु प्रदूषण में कमी आए।

जनवरी से शुरू होगा काम, मार्च 2025 तक लक्ष्य

इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए जीएमडीए, नगर निगम, आरटीओ और पीडब्ल्यूडी विभाग मिलकर काम करेंगे। अभियान जनवरी 2025 से शुरू होगा और 31 मार्च 2025 तक सभी कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि इस योजना के पूरा होने से गुरुग्रामवासियों को जाम से राहत मिलेगी और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।


More From Author

गुरुग्राम में पुलिस का बड़ा एक्शन: हिस्ट्रीशीटर सोनू राठी का अवैध निर्माण ध्वस्त

गुरुग्राम में हाई-प्रोफाइल रेव पार्टी का पर्दाफाश, विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *