गुरुग्राम में 13 वर्षीय बच्चे की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत, आत्महत्या या हादसा—जांच में जुटी पुलिस

गुरुग्राम शहर के सेक्टर-70 स्थित ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 13 वर्षीय बच्चे की सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि मृतक बच्चा इस सोसाइटी में नहीं रहता था, बल्कि वह करीब 4 किलोमीटर दूर बीपीटीपी एस्टायर गार्डन सोसाइटी का निवासी था। परिवार को भी इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि बच्चा वहां कैसे पहुंचा।

घटना की जानकारी सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे की पहचान की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी ने बच्चे को धक्का दिया। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

इकलौता बेटा था आरव, सातवीं कक्षा का छात्र


बीपीटीपी एस्टायर गार्डन सोसाइटी में रहने वाले बच्चे के पिता अतुल सक्सेना ने बताया कि उनका बेटा आरव सेंट एंजेल स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। वह परिवार का इकलौता बेटा था और पढ़ाई में काफी होशियार था।
अतुल ने बताया, “हमें नहीं पता कि हमारा बेटा वहां कैसे पहुंचा। वह हमारी सोसाइटी से लगभग 4 किलोमीटर दूर ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी में था।”

सोसाइटी में रहती थीं मौसी

परिजनों के अनुसार, ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी में आरव की मौसी ढाई साल पहले तक रहती थीं। आरव पहले उनके पास जाया करता था, लेकिन फिलहाल उनका परिवार बीपीटीपी एस्ट्रिया सोसाइटी में फर्स्ट फ्लोर पर रह रहा है। यह अब तक साफ नहीं हो पाया है कि आरव वहां किसके साथ गया था।

तेज आवाज सुनकर पहुंचा गार्ड, तब तक हो चुकी थी मौत

बताया गया कि सोसाइटी के गार्ड को परिसर में तेज आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचा, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मोबाइल फोन जब्त, CCTV खंगाल रही पुलिस

बादशाहपुर थाने के जांच अधिकारी अशोक ने बताया कि परिजनों से बातचीत की गई है, लेकिन अभी तक मौत के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। उन्होंने आशंका जताई कि बच्चा आत्महत्या के इरादे से ही सोसाइटी में आया हो सकता है। बच्चे का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।

वहीं, SHO विजयपाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल, परिवार गहरे सदमे में है और यह समझने की कोशिश कर रहा है कि यह आत्महत्या थी या कोई हादसा।

More From Author

गुरुग्राम में नौकरी की तलाश कर रहे युवक ने जहर निगलकर की आत्महत्या

क्या गुरुग्राम की सड़कों पर चलना सुरक्षित है? जांच रिपोर्ट ने उठाए गंभीर सवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *