गुरुग्राम के व्यक्ति से 18 करोड़ की ठगी, 11 एकड़ जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा

गुरुग्राम। पलवल जिले के तीन लोगों ने 11 एकड़ कृषि भूमि बेचने का झांसा देकर गुरुग्राम के एक व्यक्ति से करीब 18 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। रकम लेने के बाद तीनों आरोपी अपना मकान बेचकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच के बाद सेक्टर-40 थाना गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार सिलोखरा गांव निवासी कपिल शर्मा ने शिकायत में बताया कि अगस्त 2024 में उन्होंने अपनी जमीन बेची थी, जिससे उनके पास बड़ी रकम आई थी। इसी दौरान तीन लोग उनके संपर्क में आए। इनमें से एक ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया, जबकि दो लोगों ने खुद को पलवल के घुघेरा गांव स्थित 11 एकड़ कृषि भूमि का मालिक बताया।

आरोपियों ने जमीन से जुड़े कागजात और जमाबंदी दिखाकर भरोसा दिलाया। इसके बाद कपिल शर्मा को घुघेरा गांव ले जाकर जमीन भी दिखाई गई। बातचीत के बाद करीब 18 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ और एग्रीमेंट टू सेल कराया गया।

एग्रीमेंट के दौरान आरोपियों ने 12 करोड़ रुपये ले लिए। बाद में रजिस्ट्री और कब्जा दिलाने के नाम पर शेष रकम भी ले ली गई। तय समय पर जब रजिस्ट्री नहीं हुई और आरोपियों से संपर्क किया गया तो उनके मोबाइल फोन बंद मिले।

इसके बाद पीड़ित जब आरोपियों के घर पहुंचा तो पता चला कि वे अपना मकान बेचकर फरार हो चुके हैं। जब कपिल शर्मा जमीन पर कब्जा लेने घुघेरा गांव पहुंचे, तब सामने आया कि जिन लोगों से सौदा किया गया था वे जमीन के वास्तविक मालिक नहीं थे। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर ठगी को अंजाम दिया।

मामले की जांच के बाद आर्थिक अपराध शाखा ने सेक्टर-40 थाना गुरुग्राम में तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

More From Author

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण को मिली रफ्तार, नौ स्टेशनों के लिए जमीन फाइनल

टूटे सिग्नल की वजह से शहर में आफत, डीसी ने कसा शिकंजा!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *