चार राज्यों की पुलिस को था जिसकी तलाश, वो गुरुग्राम में चढ़ा हत्थे

गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश मुज्जमिल (29) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से नूंह जिले के गांव शिकरपुर का रहने वाला है और लंबे समय से कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

सेक्टर-45 में अवैध हथियार के साथ घूमते पकड़ा गया
क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-45 इलाके में एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को मौके से काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए।

चार राज्यों की पुलिस कर रही थी तलाश
मुज्जमिल पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, सेंधमारी, चोरी और अवैध हथियार रखने सहित 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी तलाश हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और तेलंगाना पुलिस कर रही थी।

राजस्थान पुलिस ने एटीएम बूथ पर तैनात सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर लूट की दो वारदातों में उस पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।

3 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्तौल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बरामद देसी पिस्तौल नूंह में एक व्यक्ति से 3 हजार रुपये में खरीदी थी। वह इस हथियार का इस्तेमाल लूट की वारदातों को अंजाम देने के लिए करता था। पुलिस के अनुसार, वह एटीएम लूटने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य है।

कहां-कहां दर्ज हैं केस?
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार:

  • नूंह में हत्या, चोरी और सेंधमारी के 2 मामले
  • गुरुग्राम में अवैध हथियार रखने का 1 मामला
  • राजस्थान के झुंझुनूं जिले में हत्या के प्रयास, सरकारी संपत्ति को नुकसान और एटीएम लूट के 3 मामले
  • महाराष्ट्र में हत्या के प्रयास का 1 मामला
  • तेलंगाना में चोरी और सेंधमारी का 1 मामला

रिमांड पर लेकर होगी गहन पूछताछ
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान कई ब्लाइंड केस खुलने की संभावना है। साथ ही उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

More From Author

एक ऐप, 20 सिम कार्ड और हजारों भारतीय निशाने पर…खुला बड़ा राज !

दिनदहाड़े कैंची से हमला कर लूट: गुरुग्राम के सोहना में तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *