गुरुग्राम में एक महिला के साथ हुई ATM धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हिसार जिले के मसूदपुर गांव के रहने वाले अनिल (31) और सोनू उर्फ कद्दू (29) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे हुआ पूरा मामला
पीड़िता ने सिविल लाइन्स थाना में दी गई शिकायत में बताया कि वह बुधवार को गुरुद्वारे के पास स्थित इंडियन बैंक के ATM से पैसे निकालने गई थी।
ATM के बाहर खड़े दो युवकों ने उसका पिन देख लिया और बातचीत में उलझाकर उसका कार्ड बदल दिया। महिला को भनक तक नहीं लगी और युवक बाइक पर फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब महिला ने अपना बैलेंस चेक किया तो 39,000 रुपए गायब थे।
क्राइम ब्रांच की त्वरित कार्रवाई
मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम को सौंपी गई। टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
