गुरुग्राम। बजघेड़ा क्षेत्र में स्थित टाइम्स ऑफ वाइन शराब के ठेके पर डिस्काउंट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में बजघेड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार और पिस्टलनुमा लाइटर भी बरामद किया है।

27 जनवरी की है पूरी घटना
पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 जनवरी की है। एक कार में सवार होकर तीन युवक शराब के ठेके पर पहुंचे और शराब व बीयर की बोतलें खरीदीं। भुगतान के दौरान उन्होंने शराब पर डिस्काउंट की मांग की। ठेके के ऑपरेटर ने ठेकेदार से बात कराने की बात कही, लेकिन युवकों ने वहीं मौजूद स्टाफ पर डिस्काउंट देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
खुद को ठेकेदार बताकर की गाली-गलौज
शिकायतकर्ता के अनुसार, युवकों में से एक ने खुद को ठेकेदार बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया। आरोपियों ने कहा कि वे “आज डिस्काउंट लेकर ही जाएंगे।” इसी दौरान एक युवक कार से गन लेकर ठेके के अंदर घुसने लगा, जिस पर ऑपरेटर ने आत्मरक्षा में डंडे का इस्तेमाल किया।
पिस्टल दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
इसके बाद आरोपियों ने दोबारा ठेके के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। शराब के बजाय बीयर की बोतलों की मांग को लेकर फिर विवाद हुआ। बीयर की बोतलों का भुगतान करने के बाद आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
दिल्ली से दो आरोपी गिरफ्तार
ठेके के ऑपरेटर की लिखित शिकायत के आधार पर बजघेड़ा पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 30 जनवरी को दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष (27 वर्ष, एमबीए) और अक्षित (24 वर्ष, बीबीए) के रूप में हुई है। दोनों कुंवर सिंह नगर, नांगलोई (दिल्ली) के रहने वाले हैं।
जन्मदिन पार्टी से लौटते वक्त हुई वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में शराब कम पड़ने के कारण वे बजघेड़ा स्थित इस ठेके पर शराब खरीदने आए थे। इसी दौरान डिस्काउंट को लेकर विवाद बढ़ गया और उन्होंने मारपीट व धमकी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार और पिस्टलनुमा लाइटर बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
