5-डे वर्किंग की मांग पर बैंक कर्मियों का बिगुल, गुरुग्राम में बैंकिंग सेवाएं ठप

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर चल रही देशव्यापी बैंक हड़ताल ने गुरुग्राम में आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार तीन दिन के अवकाश के बाद आज चौथे दिन भी सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक बंद रहे, जिससे कैश फ्लो और जरूरी बैंकिंग काम ठप पड़ गए।

SBI, PNB समेत सभी सरकारी बैंक रहे बंद

हड़ताल के कारण स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, कैनरा बैंक और इंडियन बैंक सहित सभी सरकारी बैंक शाखाओं पर ताले लटके रहे। सुबह से ही बैंक के बाहर ग्राहक लौटते नजर आए।
हालांकि UPI, इंटरनेट बैंकिंग और ATM सेवाएं चालू रहीं, जबकि निजी बैंक सामान्य रूप से खुले रहे।

5-डे वर्किंग लागू न होने से नाराज कर्मचारी

बैंक कर्मचारी लंबे समय से 5-डे वर्किंग वीक की मांग कर रहे हैं। वर्तमान व्यवस्था के तहत बैंक कर्मियों को रविवार के साथ केवल दूसरे और अंतिम शनिवार को ही छुट्टी मिलती है। यूनियनों की मांग है कि शनिवार और रविवार दोनों दिन साप्ताहिक अवकाश घोषित किया जाए।

सरकार से बनी सहमति के बाद भी नोटिफिकेशन नहीं

बैंक यूनियनों का आरोप है कि 2024 में सरकार के साथ 5-डे वर्किंग को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसका नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। इसी को लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है और देशभर में बैंक हड़ताल की जा रही है।

PNB के बाहर प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

गुरुग्राम में पंजाब नेशनल बैंक के बाहर बैंक कर्मचारियों ने धरना देकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।
हड़ताल के चलते बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

More From Author

गुरुग्राम में गणतंत्र दिवस पर बड़ी घोषणा, 1,000 एकड़ में बनेगी ‘ग्लोबल सिटी’

ऋषिकेश में गंगा की तेज धार में डूबा गुरुग्राम का टूरिस्ट, राफ्टिंग गाइड ने छलांग लगाकर बचाई जान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *