गुरुग्राम जिले के भौंडसी इलाके से पर्यावरण और स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। भौंडसी मार्केट के पास स्थित बरसाती नाले में मलमूत्र डालने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

भौंडसी थाना पुलिस ने छापेमारी कर उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शेखपुरा लाला गांव निवासी पवन कुमार को पकड़ा। आरोपी आसपास की कॉलोनियों और मार्केट के वॉशरूम व टॉयलेट के सेफ्टी टैंकों से मलमूत्र निकालकर सीधे नाले में डाल रहा था।
पर्यावरण को नुकसान, लोगों की सेहत पर संकट
बरसाती नाले में मलमूत्र डालने का यह गंदा खेल न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा था, बल्कि स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा बन चुका था। इस गंदगी से जल प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ डेंगू, हैजा, टायफाइड जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी के खिलाफ डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट, 2005 और भारतीय दंड संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
नियमित रूप से करता था गंदा धंधा
पूछताछ में आरोपी पवन कुमार ने कबूल किया है कि वह नियमित रूप से आसपास की कॉलोनियों और दुकानों से सेफ्टी टैंक खाली कर बरसाती नाले में मलमूत्र डालता था। पुलिस का मानना है कि इस गंदे खेल में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
भौंडसी थाना पुलिस पूरा नेटवर्क खंगाल रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय प्रशासन का सख्त रुख
इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नालों और तालाबों में गंदगी डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय निवासी भी अब पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए जागरूकता अभियान की मांग कर रहे हैं।
