गुरुग्राम। शहर के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1918 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट पारित कर दिया है। स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर केंद्रित इस बजट को बुधवार को आयोजित विशेष बैठक में सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

यह बैठक सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद भवन में मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और पार्षदों ने भाग लिया। बैठक के दौरान चीफ अकाउंट ऑफिसर विजय कुमार ने सदन के समक्ष बजट प्रस्तुत किया।
आय और व्यय का पूरा खाका
प्रस्तावित बजट के अनुसार निगम की कुल आय 1918 करोड़ रुपये और व्यय 1875 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। आय के प्रमुख स्रोतों में प्रॉपर्टी टैक्स, स्टांप ड्यूटी, जल एवं सीवरेज शुल्क, विज्ञापन और भूमि मुआवजा शामिल हैं।
- प्रॉपर्टी टैक्स: 325 करोड़ रुपये
- स्टांप ड्यूटी: 500 करोड़ रुपये
- वॉटर एवं सीवरेज शुल्क: 80 करोड़ रुपये
- म्यूनिसिपल प्रॉपर्टीज की सेल/ऑक्शन: 75 करोड़ रुपये
- हाउस/शॉप बिक्री: 40 करोड़ रुपये
- लैंड कम्पनसेशन: 150 करोड़ रुपये
- विज्ञापन: 120 करोड़ रुपये
स्वच्छता और विकास पर फोकस
इस बार बजट में शहर की सफाई व्यवस्था को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई है।
- सफाई एवं कचरा प्रबंधन पर 400 करोड़ रुपये
- ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस पर 250 करोड़ रुपये
- विकास कार्यों पर 400 करोड़ रुपये
इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में भी अहम प्रावधान किए गए हैं। स्वच्छता कर्मचारियों के कल्याण और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

पिछला प्रदर्शन भी रहा चर्चा में
पिछले वित्त वर्ष में निगम ने 85 प्रतिशत बजट खर्च किया था, लेकिन राजस्व लक्ष्य का केवल 66 प्रतिशत ही हासिल हो पाया। इस बार आय बढ़ाने पर भी खास रणनीति बनाई गई है।
मेयर ने बताया विकास का रोडमैप
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि यह बजट गुरुग्राम के संतुलित और समग्र विकास का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
पारदर्शी क्रियान्वयन का भरोसा
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि बजट में शामिल सभी योजनाओं को पारदर्शिता और प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। उनका कहना है कि निगम का लक्ष्य गुरुग्राम को स्वच्छ, आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाना है।
