गुरुग्राम के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने हीरो होंडा चौक से सेक्टर-55-56 मेट्रो स्टेशन तक नई सिटी बस सेवा शुरू कर दी है। यह सेवा शुक्रवार सुबह से लागू हो गई है और इसे रूट नंबर 111 नाम दिया गया है।

दरअसल, इस रूट पर लंबे समय से बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। लोगों को रोजाना सफर के लिए ऑटो और ई-रिक्शा पर निर्भर रहना पड़ता था। मांग को देखते हुए GMCBL ने सर्वे कराया, जिसमें सामने आया कि इस रूट पर यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा है और बस सेवा की जरूरत है।
फिलहाल दो बसों से शुरुआत
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर फिलहाल दो सिटी बसें चलाई गई हैं। हालांकि, पहले दिन जानकारी के अभाव में यात्रियों की संख्या कम रही, लेकिन आने वाले दिनों में इसके बढ़ने की उम्मीद है।
जल्द बढ़ेगा बसों का बेड़ा
GMCBL के अनुसार, अगले महीने तक 100 नई ई-बसें बेड़े में शामिल होने की संभावना है। इसके बाद शहर में और नए रूट शुरू किए जाएंगे। फिलहाल गुरुग्राम में 25 रूटों पर करीब 150 CNG बसें संचालित हो रही हैं।
बस टाइमिंग (मुख्य समय)
सेक्टर-55-56 मेट्रो स्टेशन से पहली बस सुबह 7:05 बजे चलेगी, जबकि आखिरी बस रात 8:20 बजे रवाना होगी।
वहीं, हीरो होंडा चौक से पहली बस सुबह 7:55 बजे और आखिरी बस रात 9:10 बजे चलेगी।
इन प्रमुख जगहों से होकर गुजरेगी बस
यह बस सेवा हीरो होंडा चौक से शुरू होकर सेक्टर-34 इंफो सिटी, मार्बल मार्केट, सुभाष चौक, सेक्टर-38-47, बख्तावर चौक, यूनिटेक साइबर पार्क, इस्कॉन मंदिर, आर्टिमिस अस्पताल, सेक्टर-52-53 और अंत में सेक्टर-55-56 रैपिड मेट्रो स्टेशन तक जाएगी।
