गुरुग्राम के अशोक विहार फेज-3 इलाके में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े एक बाइक सवार बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सामने आई है।

स्कूल से लौटते समय बनाया निशाना
पीड़िता सुधा मिश्रा ने बताया कि वह अपनी समधन पुष्प मिश्रा के साथ अपनी नातिन को स्कूल से लेकर लौट रही थीं। दोपहर करीब 1:15 बजे जैसे ही वे मकान नंबर 41A और 41B के बीच पहुंचीं, तभी पीछे से आए एक युवक ने बाइक से झपट्टा मारकर उनके गले की करीब 20 ग्राम सोने की चेन छीन ली।
झपट्टा मारते ही गिर गईं महिला और बच्ची
अचानक हुए हमले से महिला और उनकी नातिन संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर गईं। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना के बाद दोनों बुरी तरह सहम गईं।
हेलमेट पहनकर आया था आरोपी
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसका चेहरा और बाइक नंबर देख पाना संभव नहीं हो सका। वारदात को अंजाम देकर वह तेजी से फरार हो गया।
CCTV में साफ दिखी पूरी वारदात
सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी पहले महिला पर नजर रखता है, फिर बाइक घुमाकर पीछे से आता है और कुछ ही सेकंड में चेन छीनकर भाग जाता है।
इलाके में बढ़ रहा डर, लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। निवासियों का कहना है कि दिन के समय भी इस तरह की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। खासकर महिलाएं और बच्चे अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग
लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और CCTV निगरानी को मजबूत करने की मांग की है।
मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
जांच अधिकारी जितेंद्र के मुताबिक, सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने स्नैचिंग का केस दर्ज कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
