गुरुग्राम में एक बार फिर सड़क सुरक्षा की अनदेखी का मामला सामने आया है। द्वारका एक्सप्रेसवे पर कुछ युवाओं ने नई काली स्कॉर्पियो कार की छत पर स्काई-शॉट पटाखे फोड़कर सरेआम जश्न मनाया, जिससे आसपास चल रहे अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ गई।
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि स्कॉर्पियो की छत पर पटाखे छोड़े जा रहे हैं और कुछ सेकंड के अंतराल पर ये आसमान की तरफ जाकर फट रहे हैं। इससे उड़ती चिंगारियां पास-पास चल रही गाड़ियों पर गिर रही थीं।
इस दौरान स्कॉर्पियो के पास चल रही एक क्रेटा कार के सनरूफ से एक युवक बाहर निकलकर इस घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड करता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस हरकत से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को असुविधा हुई और किसी भी समय हादसे की संभावना बनी रही।
सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को दी शिकायत
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर गुरुग्राम पुलिस को भेजा गया। शिकायतकर्ता ने क्रेटा गाड़ी का नंबर भी पुलिस को प्रोवाइड किया है। क्रेटा कार दिल्ली नंबर की है, जबकि स्कॉर्पियो पर टेम्पररी नंबर है।
पुलिस अभी तक ट्रेस नहीं कर पाई वाहन और युवाओं को
साबूत देने के बावजूद, पुलिस अभी तक स्कॉर्पियो और उसमें सवार युवाओं को ट्रेस नहीं कर पाई है। द्वारका एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने इस मामले में कोई जानकारी होने से इनकार किया है।
RWA अध्यक्ष का बयान
द्वारका एक्सप्रेसवे रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष यशीश यादव ने कहा कि इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने पुलिस से अपेक्षा जताई है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए, खासकर द्वारका एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे 48 पर, जहां इस तरह की घटनाएं आम हैं।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा की अनदेखी और लापरवाही पर सवाल उठाती है।
