गुरुग्राम शहर के पॉश इलाके सेक्टर-53 में एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो युवतियों ने सिगरेट मांगने के बहाने एक युवक को निशाना बनाकर उसकी सोने की अंगूठी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

सिगरेट मांगकर बनाया निशाना
पीड़ित युवक अनुराग (निवासी डीएलएफ फेज-3) के अनुसार, वह सोमवार देर रात गोल्फ कोर्स रोड स्थित जी-टाउन वाइन्स ठेके के बाहर अपनी कार में खड़ा था। इसी दौरान एक युवती उसके पास आई और सिगरेट मांगी। कुछ ही देर में दूसरी युवती भी वहां पहुंच गई और उसने भी सिगरेट मांगी।
कार में बैठकर करने लगी हरकतें
अनुराग ने बताया कि पिंक ड्रेस पहनी एक युवती अचानक उसकी कार का दरवाजा खोलकर अंदर बैठ गई और सिगरेट पीने लगी। जब युवक ने उसे बाहर जाने के लिए कहा, तो युवती ने कथित तौर पर उससे फिजिकल रिलेशन बनाने का प्रस्ताव रख दिया।
हाथ पकड़कर उड़ाई अंगूठी
पीड़ित के अनुसार, जब उसने युवती को कार से बाहर निकालने की कोशिश की, तो उसने उसका हाथ पकड़ लिया। उस समय उसे कुछ खास महसूस नहीं हुआ, लेकिन थोड़ी देर बाद जब उसने देखा तो उसकी उंगली से सोने की अंगूठी गायब थी। इसके बाद दोनों युवतियां मौके से फरार हो गईं।
भीड़भाड़ का उठाया फायदा
यह घटना उस समय हुई जब ठेके के आसपास काफी भीड़ थी। जानकारी के मुताबिक, जी-टाउन वाइन्स शराब की दुकान पूरी रात खुली रहती है, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसी भीड़ का फायदा उठाकर युवतियों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
