गुरुग्राम। शहर के नागरिकों को नगर निगम से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिटिजन फैसिलिटेशन सेंटर की स्थापना की गई है। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा यह केंद्र वार्ड-25, सेक्टर-14 स्थित कम्युनिटी सेंटर में शुरू किया गया है।

इस केंद्र के शुरू होने से अब नागरिकों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। लोग यहां आकर नगर निगम से जुड़ी कई आवश्यक सेवाओं का कार्य एक ही स्थान पर आसानी से करवा सकेंगे। इससे जहां नागरिकों का समय बचेगा, वहीं सेवाओं की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी।
सिटिजन फैसिलिटेशन सेंटर के माध्यम से नागरिकों को नगर निगम से संबंधित कई प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें मुख्य रूप से प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी सेवाएं, जल एवं सीवरेज से संबंधित कार्य, चालान भुगतान, जन्म और मृत्यु पंजीकरण तथा हरियाणा परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) से जुड़ी सेवाएं शामिल हैं।

इसके अलावा नगर निगम गुरुग्राम और शहरी स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित अन्य प्रशासनिक सेवाएं भी इस केंद्र के माध्यम से प्रदान की जाएंगी, ताकि नागरिकों को अधिकतम सुविधा मिल सके।
नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और त्वरित तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी शिकायतें, दस्तावेज़ों से जुड़े कार्य और भुगतान से संबंधित मामलों को भी इस केंद्र के माध्यम से आसानी से पूरा कर सकते हैं।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नगर निगम से संबंधित सेवाओं के लिए सिटिजन फैसिलिटेशन सेंटर, कम्युनिटी सेंटर वार्ड-25, सेक्टर-14 का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र और व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
